नईदिल्ली (25 जून 24)। टी-20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मैच में भारत ने सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 24 रन से हरा दिया। भारत की जीत में रोहित शर्मा, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने अहम भूमिका निभाई। रोहित ने 41 गेंद में 92 रन की तूफानी पारी खेली, वहीं कुलदीप यादव ने मिडिल ओवरों में आकर 2 अहम विकेट लिए। इसी तरह अर्शदीप सिंह एक बार फिर तीन विकेट लेने में सफल रहे।
भारत ने पहले खेलते हुए 205 रन बनाये। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया लक्ष्य का पीछा करने उतरा तो एक छोर से ट्रेविस हेड डटे रहे, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें अपेक्षित साथ नहीं मिल पाया। हेड ने 43 गेंद में 76 रन बनाए, लेकिन वे ऑस्ट्रेलिया की नांव को जीत तक नहीं खींच पाए। ऑस्ट्रेलिया की हार से अफगानिस्तान खेमे में उत्साह जाग उठा, क्योंकि वह अब बांग्लादेश को हराने मात्र से ही सेमीफाइनल में जा सकता है।
सोमवार को खेले गए मैच में भारत टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने आया था। हालांकि विराट कोहली शून्य के स्कोर पर आउट हो गए, लेकिन रोहित शर्मा ने 41 गेंद में 92 रन की पारी खेलकर भारत की उम्मीदें बढ़ाई। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 8 छक्के लगाए और इस दौरान मिचेल स्टार्क के एक ही ओवर में 4 छक्के भी जड़े। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने भी तूफानी अंदाज में 16 गेंद में 31 रन बनाए। अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने मिलकर टीम इंडिया का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। हार्दिक ने 17 गेंद में 27 रन और दुबे ने 22 गेंद में 28 रन बनाए।