वाशिंगटन (02 अगस्त 25)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें खबर मिली है कि भारत अब रूस से तेल खरीदना बंद कर सकता है, हालांकि उन्होंने यह भी माना कि इसकी पुष्टि उन्हें नहीं है। ट्रंप ने समाचार एजेंसी ANI को दिए एक इंटरव्यू में कहा, 'मुझे समझ में आया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। मैंने ऐसा सुना है, लेकिन मुझे नहीं पता कि ये सच है या नहीं। अगर ऐसा होता है, तो ये एक अच्छा कदम होगा। देखते हैं आगे क्या होता है।'
ट्रंप की ये टिप्पणी ऐसे समय आई है जब हाल ही में उन्होंने भारत पर रूसी तेल और हथियार खरीदने को लेकर आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि भारत दुनिया में सबसे ज्यादा टैरिफ (शुल्क) लगाता है और 'अप्रिय व्यापार बाधाएं' खड़ी करता है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर भारत को चेतावनी दी थी कि यदि वह रूस से ऊर्जा और सैन्य सामान खरीदता रहा, तो भारत से अमेरिका को होने वाले सभी निर्यात पर 25% का टैरिफ लगाया जाएगा, साथ ही एक अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क भी। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा, 'भारत और रूस के बीच एक स्थिर और समय-परीक्षित साझेदारी है। हम ऊर्जा और रक्षा की जरूरतों को देखते हुए निर्णय लेते हैं।'