Thursday, 01 Oct 2026

ट्रंप की धमकी पर भारत का पलटवार

नईदिल्ली (05 अगस्त 25)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद जिसमें उन्होंने भारत से रूसी तेल खरीदने को लेकर भारतीय निर्यातों पर टैरिफ (आयात शुल्क) बढ़ाने की धमकी दी थी, भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि भारत को निशाना बनाना 'अनुचित और तर्कहीन' है। भारत ने साफ शब्दों में कहा कि वह अपने राष्ट्रीय हित और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा।

यूक्रेन-रूस युद्ध शुरू होने के बाद दुनियाभर में तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई। पश्चिमी देशों, खासकर यूरोपीय देशों, ने पारंपरिक आपूर्ति स्रोतों से भारी मात्रा में तेल खरीदना शुरू कर दिया, जिससे भारत के पारंपरिक स्रोतों पर दबाव पड़ा, ऐसे में भारत ने अपने देश की ऊर्जा ज़रूरतें पूरी करने के लिए रूस से तेल खरीदना शुरू किया। यह एक आवश्यक और रणनीतिक फैसला था ताकि आम भारतीय उपभोक्ताओं को सस्ती और स्थिर कीमतों पर ईंधन मिल सके।दिलचस्प बात यह है कि युद्ध की शुरुआत में अमेरिका ने खुद भारत को रूस से तेल खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया था, ताकि वैश्विक ऊर्जा बाजार स्थिर बना रहे। विदेश मंत्रालय ने इस ओर भी ध्यान दिलाया कि जो देश भारत की आलोचना कर रहे हैं, वे खुद रूस से बड़े पैमाने पर व्यापार कर रहे हैं, जबकि उनके पास भारत जैसी जरूरी ऊर्जा या आर्थिक सुरक्षा की मजबूरी नहीं है।

इसके पूर्व अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को एक बार फिर रूसी तेल खरीदने को लेकर चेतावनी दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत बड़ी मात्रा में रूसी तेल खरीद रहा है और उसे भारी मुनाफे के साथ अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में बेच रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को इस बात की परवाह नहीं है कि यूक्रेन में रूस की कार्रवाई से कितने लोग मारे जा रहे हैं। ट्रंप ने लिखा, 'भारत न सिर्फ रूसी तेल खरीद रहा है, बल्कि उसे मुनाफे में बेच भी रहा है। उन्हें फर्क नहीं पड़ता कि रूस यूक्रेन में क्या कर रहा है।' डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि इसके चलते वे भारत पर लगने वाले टैरिफ में भारी बढ़ोतरी करेंगे। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि यह वृद्धि किस उत्पाद पर और कितनी होगी। इससे पहले भी ट्रंप ने भारत से आयातित वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाने की बात कही थी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!