नईदिल्ली (31 मई 26)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफ़नी ट्रंप इन दिनों निजी यात्रा पर भारत में हैं। उनके साथ उनके पति माइकल बोलस और कुछ करीबी मित्र भी मौजूद हैं। भारत यात्रा के दौरान टिफनी ने सबसे पहले दिल्ली स्थित भव्य अक्षरधाम मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर परिसर में बिताए गए पलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिन्हें काफी पसंद किया जा रहा है। स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर प्रशासन ने भी सोशल मीडिया पर टिफनी ट्रंप और माइकल बुलोस के दौरे की तस्वीरें साझा करते हुए उनका स्वागत किया। मंदिर प्रबंधन ने इसे भारतीय संस्कृति और विरासत से जुड़ने का एक सुंदर अवसर बताया।
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी टिफनी और उनके पति के साथ तस्वीर साझा करते हुए भारत में उनका स्वागत किया। दिल्ली दौरे के बाद टिफनी और माइकल शनिवार सुबह आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का भ्रमण किया। संगमरमर से बने इस ऐतिहासिक स्मारक के सामने दोनों ने समय बिताया और इसकी वास्तुकला तथा इतिहास को करीब से देखा। सुरक्षा कारणों से स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने विशेष इंतजाम किए थे, हालांकि यह पूरी तरह निजी यात्रा बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार आगरा के बाद टिफनी ट्रंप और माइकल बुलोस राजस्थान के ऐतिहासिक शहर जैसलमेर का रुख कर सकते हैं। हालांकि उनके पूरे यात्रा कार्यक्रम को सार्वजनिक नहीं किया गया है।