न्युक (24 मई 26)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने ग्रीनलैंड में नया विवाद खड़ा कर दिया है। ट्रंप ने ग्रीनलैंड की राजधानी नुक की तस्वीर के साथ लिखा, 'Hello Greenland!' इसके बाद वहां अमेरिका की बढ़ती मौजूदगी को लेकर लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। ग्रीनलैंड की राजधानी नुक में हाल ही में अमेरिका के नए वाणिज्य दूतावास को लेकर बड़े प्रदर्शन हुए। सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और अमेरिका विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने पोस्टर उठाए हुए थे, जिन पर लिखा था, 'हमें आपका पैसा नहीं चाहिए' और 'Go Away' यानी 'यहां से चले जाओ।'
ग्रीनलैंड के लोगों का कहना है कि अमेरिका वहां जरूरत से ज्यादा दखल देने की कोशिश कर रहा है। कई लोगों को डर है कि अमेरिका आर्कटिक क्षेत्र में अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए ग्रीनलैंड का इस्तेमाल करना चाहता है। अमेरिका के विशेष दूत जेफ़ लॉन्ड्री ने ग्रीनलैंड में नेताओं और कारोबारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ग्रीनलैंड सुरक्षा, ऊर्जा और आर्थिक विकास पर साथ काम करना चाहते हैं। जेफ लैंड्री ने दावा किया कि ग्रीनलैंड भविष्य में बड़ा तेल उत्पादक बन सकता है।