नईदिल्ली (01 अगस्त 25)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर 25% टैरिफ लगाने और भारतीय अर्थव्यवस्था को 'डेड' बताने वाले बयान पर भारत में सियासी हंगामा शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्रंप के बयान का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और रूस की अर्थव्यवस्थाओं पर टिप्पणी करते हुए 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा, "मुझे इसकी परवाह नहीं कि भारत रूस के साथ क्या करता है। वो अपनी डेड अर्थव्यवस्थाओं को मिलकर गिरा सकते हैं, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।" यह टैरिफ 1 अगस्त 2025 से लागू हो जाएगा। इसके तहत भारत को रूस से तेल और हथियार खरीदने पर भी पेनल्टी देनी होगी। इस बयान पर जब राहुल गांधी से संसद के बाहर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, 'हां, वो (ट्रंप) सही कह रहे हैं। प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को छोड़कर हर कोई यह जानता है। सभी को पता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था डेड अर्थव्यवस्था है।' उन्होंने आगे कहा, 'मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने यह फैक्ट बताया।'
राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, 'क्या आप सबको नहीं मालूम कि इंडियन इकॉनमी डेड अर्थव्यवस्था है, आपको इसको लेकर कोई कंफ्यूजन है? इस बात को पूरी दुनिया जानती है और बीजेपी ने अर्थव्यवस्था को खत्म कर दिया है।' उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने यह सब अडानी की मदद करने के लिए किया है। कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप ने 30-32 बार कहा है कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराया है, भारत के 5 जहाज गिरे हैं और अब 25% टैरिफ लगाएंगे। राहुल गांधी ने पूछा, 'इन सब बातों पर पीएम मोदी जवाब क्यों नहीं दे पा रहे हैं? असली वजह क्या है? कंट्रोल किसके हाथ में है?'