वाशिंगटन (11 सितंबर 25)। मध्य पूर्व की राजनीति में एक नया भूचाल आ गया है। इज़राइल ने क़तर की राजधानी दोहा पर एयरस्ट्राइक कर हमास नेतृत्व को निशाना बनाया, जिसके चलते छह लोगों की मौत हो गई। यह हमला उस समय हुआ है, जब कुछ ही महीने पहले क़तर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को $1.2 ट्रिलियन निवेश सौदे और Boeing 747-8 विमान की सौगात दी थी। अब इस घटना से क़तर-अमेरिका संबंधों पर सवाल उठ रहे हैं और पूरी दुनिया की नज़र वॉशिंगटन की नीति पर टिकी है।
मई 2025 में क़तर ने व्हाइट हाउस में ट्रंप के साथ समझौते किए थे, जिनकी कुल वैल्यू $1.2 ट्रिलियन बताई गई। इसमें अमेरिकी कंपनियों के लिए बड़े रक्षा और विमानन सौदे शामिल थे। इसी दौरान खबर आई थी कि क़तर ने ट्रंप को $400 मिलियन का Boeing 747-8 भेंट किया, जिसे ‘Air Force One’ के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। क़तर ने इस विमान को “दोस्ती और सहयोग का प्रतीक” बताया, हालांकि अंतरराष्ट्रीय मीडिया में इसे “राजनीतिक उपहार” कहकर विवाद खड़ा किया गया। 9 सितंबर की रात इज़राइली फाइटर जेट्स ने दोहा में हमास नेताओं को निशाना बनाया। इस हमले में 6 लोगों की मौत हुई, जिनमें एक क़तर सुरक्षा अधिकारी भी शामिल था। यह पहली बार था जब सीधे क़तर की राजधानी पर हमला हुआ। घटना के बाद राजधानी में अफरातफरी और खाड़ी देशों में गुस्सा फैल गया।