रोम (27 अप्रैल 25)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से संक्षिप्त लेकिन गुप्त मुलाकात की। व्हाइट हाउस और जेलेंस्की के कार्यालय दोनों ने इसकी पुष्टि की। व्हाइट हाउस के संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने कहा कि दोनों देशों के राष्ट्रपति के बीच ‘निजी तौर पर मुलाकात की और बहुत ही सार्थक चर्चा हुई।' वाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि यह मुलाकात काफी सकारात्मक और उत्पादक रही।
वहीं, जेलेंस्की के कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि सेंट पीटर बेसिलिका में 15 मिनट तक चली इस बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भविष्य में और मुलाकातें आयोजित करने पर सहमति जताई है और इसकी तैयारियां जारी हैं। यह मुलाकात फरवरी में ओवल ऑफिस में हुई तीखी बहस के बाद पहली बार हुई थी।वाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप और राष्ट्रपति जेलेंस्की ने निजी तौर पर मुलाकात की और बहुत ही उपयोगी चर्चा की।' जेलेंस्की के कार्यालय ने इस बैठक की तस्वीरें साझा की हैं, जिसमें दोनों नेता एक-दूसरे के सामने बैठे नजर आए, और उनके आस-पास कोई अन्य अधिकारी नहीं था। एक अन्य तस्वीर में ट्रंप, जेलेंस्की, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों एक साथ खड़े थे, जिसमें मैक्रों ने जेलेंस्की के कंधे पर हाथ रखा था।