Friday, 09 Oct 2026

ट्रेन पलटाने की बड़ी साजिश फेल, दर्जनों संदिग्ध गिरफ्तार

कानपुर (28 अगस्त 25)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक बड़े ट्रेन हादसे की साजिश नाकाम हो गई। फर्रुखाबाद-अनवरगंज पैसेंजर ट्रेन (54157) को पटरी से उतारने के लिए रेलवे ट्रैक पर अज्ञात लोगों ने बेंच रखी थी, लेकिन ट्रेन के लोको पायलट की तेज नजर और सतर्कता की वजह से बड़ा हादसा टल गया। यह घटना चौबेपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई।

मिली जानकारी के मुताबिक, जब ट्रेन निर्धारित समय पर चल रही थी, तब लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर बेंच रखी हुई देखी। उसने तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके कारण ट्रेन बेंच से टकराकर पलटने या हादसा होने से बच गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन और पुलिस तुरंत कार्रवाई में जुट गए। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी, आरपीएफ, चौबेपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की तीन टीमें जांच कर रही हैं। चौबेपुर पुलिस ने आसपास के गांवों से करीब एक दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ के जरिए इस साजिश के पीछे के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस घटना ने लखनऊ और दिल्ली की खुफिया एजेंसियों का भी ध्यान खींचा है। वे भी कानपुर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच में मदद कर रहे हैं। जांच की दिशा में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह साजिश किसी बड़े नेटवर्क या गिरोह से जुड़ी तो नहीं।

कानपुर में पहले भी ट्रेन हादसे की कोशिश हो चुकी है। 24 अगस्त 2024 को कासगंज-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन को पलटाने के लिए ट्रैक पर लकड़ी का लट्ठा रखा गया था, जिसे समय रहते लोको पायलट ने देखा था। सितंबर 2024 में कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन को पटरी से उतारने के लिए ट्रैक पर एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल की बोतल और माचिस रखे गए थे। ऐसी घटनाओं से रेलवे सुरक्षा पर सवाल उठे हैं।


Tags:

Follow us

This question is not available..!