नईदिल्ली (17 दिसंबर 25)। अगर आप ट्रेन से सफर करते हैं और अक्सर तय सीमा से ज्यादा सामान साथ ले जाते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। भारतीय रेलवे ने ट्रेन यात्रा के दौरान बैगेज नियमों को लेकर सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है। अब तय सीमा से अधिक सामान ले जाने पर यात्रियों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा। रेलवे का यह कदम हवाई यात्रा की तर्ज पर व्यवस्था को अनुशासित और सुरक्षित बनाने की दिशा में माना जा रहा है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में इस बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेलवे में पहले से ही यात्रियों की ट्रैवल क्लास के अनुसार मुफ्त बैगेज ले जाने की सीमा तय है। यदि कोई यात्री इस सीमा से अधिक सामान लेकर यात्रा करता है, तो उसे निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होता है। अब इन नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा। रेलवे नियमों के मुताबिक, हर यात्री को अपनी यात्रा श्रेणी के आधार पर एक निश्चित वजन तक सामान मुफ्त ले जाने की अनुमति है। इसके अलावा एक अधिकतम सीमा भी तय की गई है, जिसके भीतर अतिरिक्त शुल्क देकर सामान ले जाया जा सकता है। हालांकि, इस तय अधिकतम सीमा से ज्यादा सामान ले जाना रेलवे नियमों के तहत प्रतिबंधित है। सेकंड क्लास में सफर करने वाले यात्रियों को 35 किलो तक का सामान बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ले जाने की अनुमति है। यदि यात्री इससे अधिक सामान लेकर यात्रा करता है, तो वह अधिकतम 70 किलो तक सामान ले जा सकता है, लेकिन इसके लिए तय शुल्क देना होगा। वहीं स्लीपर क्लास में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए मुफ्त बैगेज की सीमा 40 किलो तय की गई है। आवश्यकता होने पर वे 80 किलो तक सामान ले जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए भी अतिरिक्त चार्ज देना अनिवार्य होगा।