जम्मू (16 जुलाई 24)। जम्मू-कश्मीर के डोडा से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार को आतंकियों के साथ मुठभेड़ में भारतीय सेना के एक कैप्टन और चार जवान शहीद हो गए हैं। इस एनकाउंटर में जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप का एक दिलेर जवान भी शहीद हो गया। दुर्गम इलाके और घने जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों ने छिपकर जवानों पर हमला किया, जिसमें चार वीर जवानों ने अपनी जान गंवा दी। डोडा में आतंकियों से मुकाबला करते हुए भारतीय सेना के कैप्टन बृजेश थापा शहीद हो गए। बताया गया है कि थापा दूसरी पीढ़ी के सेना अधिकारी थे। उनके पिता कर्नल भुवनेश थापा सेना से रिटायर हैं और बहन एक नेपाली गायिका हैं। वे सिलीगुड़ी में रहते हैं। बृजेश थापा ने साल 2019 में भारतीय सेना में भर्ती ली थी।
भारतीय सेना ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है। सेना ने कहा कि COAS जनरल उपेंद्र द्विवेदी और भारतीय सेना के सभी अधिकारी उन बहादुर जवानों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, जिन्होंने डोडा में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान अपने कर्तव्य का पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी, ताकि क्षेत्र में शांति सुनिश्चित हो सके। भारतीय सेना इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। लगातार बढ़ती आतंकी वारदातों के खिलाफ सरकार सख्त कदम उठाने के मूड में नजर आ रही है। जानकारी के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख से बात की है और मामले का संज्ञान लिया है। खबर है कि रक्षा मंत्री ने सेना प्रमुख को आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के लिए खुली छूट दी है।