नईदिल्ली (21 जनवरी 25)। डोनाल्ड ट्रंप ने दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है। वे अमेरिका के 47 वें राष्ट्रपति बनें हैं। ट्रंप के अलावा सोमवार रात उपराष्ट्रपति ने भी शपथ ली। वहीं पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिका के नए राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर कहा, 'मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण पर बधाई. मैं एक बार फिर साथ मिलकर काम करने, दोनों देशों को लाभ पहुंचाने और दुनिया के बेहतर भविष्य को आकार देने के लिए तत्पर हूं। आगामी सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।'
डोनाल्ड ट्रंप ने शपथ लेने के साथ अपने पहले ही भाषण में देशवासियों के सामने कई बड़े और साहसिक ऐलान किए। ट्रंप ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनका लक्ष्य अमेरिका को फिर से दुनिया का सबसे शक्तिशाली और सम्मानित राष्ट्र बनाना है। शपथ ग्रहण के बाद अपने पहले संबोधन में उन्होंने कई अहम नीतियों की घोषणा की, जो उनके पहले कार्यकाल के दौरान उठाए गए कदमों से कहीं ज्यादा आक्रामक और दूरगामी नजर आ रही हैं। ट्रंप ने अपने भाषण में कहा, 'अमेरिका का स्वर्ण युग अभी शुरू हो रहा है। इस दिन से हमारा देश फिर से फलेगा-फूलेगा और पूरी दुनिया में सम्मानित होगा। अमेरिका फिर से बड़ा और महान बनेगा। हम सभी में विश्वास है कि अमेरिका जल्द ही पहले से कहीं अधिक महान, मजबूत और असाधारण होगा। यह नए युग की शुरुआत है, और हम उस सफलता को हासिल करेंगे, जिसके लिए हम सभी ने संघर्ष किया है।'