Monday, 28 Sep 2026

ड्रोन दीदी योजनाके लिए महिंद्रा एंड महिंद्रा से एमओयू

नईदिल्ली (11 मई 24)। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) ने ड्रोन दीदी योजना के तहत दो पायलट परियोजनाओं के संचालन हेतु महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस कार्यक्रम में कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के सचिव अतुल कुमार तिवारी, महिंद्रा ग्रुप के ग्रुप सीईओ और एमडी डॉ. अनीश शाह और एमएसडीई के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस साल के शुरुआत में शुरू की गई इस योजना का लक्ष्य 15,000 महिलाओं को कृषि कार्यों जैसे कि फसल में खाद डालना, फसल की वृद्धि की निगरानी करना और बीज बोने आदि के लिए ड्रोन चलाने के लिए प्रशिक्षित करना है, ताकि नई प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में कौशल प्रदान करके महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर पैदा किए जा सकें।

कार्यक्रम में बोलते हुए, तिवारी ने बताया कि कैसे व्यापक प्रशिक्षण के माध्यम से महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड की कृषि विशेषज्ञता का लाभ उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कृषि में ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हैदराबाद और नोएडा स्थित एनएसटीआई के दो केंद्रों को पायलट प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है। तिवारी ने कहा कि यह सहयोग राष्ट्र-निर्माण के लिए महिलाओं को कुशल बनाने के उद्देश्य को आगे बढ़ाता है, विशेष रूप से नए व्यवसायों में ड्रोन दीदी कार्यक्रम के सफल कार्यान्वयन के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाकर। उन्होंने यह भी कहा कि यह सहयोग महिलाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए आवश्यक कौशल से लैस करने के मंत्रालय के संकल्प को आगे बढ़ाएगा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!