Wednesday, 30 Sep 2026

तनाव के बीच ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों में छुट्टियां रद्द

नईदिल्ली (04 मई 25)। भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव के चलते देश की ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों में अलर्ट का माहौल है। हालात को देखते हुए सरकार ने देश की प्रमुख ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों में सभी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। सभी कर्मचारियों को बिना देरी ड्यूटी पर लौटने का आदेश दिया गया है। आदेश के मुताबिक, कोई भी कर्मचारी छुट्टी पर नहीं रहेगा और सिर्फ आपात स्थिति में ही अवकाश की अनुमति दी जाएगी। यह आदेश महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चंदा और मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में सबसे पहले लागू किया गया है। दोनों फैक्ट्रियां म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड के अंतर्गत आती हैं और रक्षा उत्पादन में अहम भूमिका निभाती हैं। इन फैक्ट्रियों में गोला-बारूद, तोप के गोले, बम और रक्षा से जुड़ी कई सामग्रियों का उत्पादन होता है।

ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चंदा द्वारा जारी किए गए सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय MIL के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के निर्देशों पर लिया गया है। इसमें सभी प्रकार की छुट्टियों को रद्द करते हुए, हर कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी पर लौटने का सख्त निर्देश दिया गया है। आदेश में यह भी जोड़ा गया है कि ड्यूटी से अनुपस्थिति को अनुशासनहीनता माना जाएगा। मध्यप्रदेश की खमरिया फैक्ट्री में शुक्रवार को कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द की गईं। इस संबंध में OFK के जनसंपर्क अधिकारी अविनाश शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि 'इस वित्तीय वर्ष में हमारा उत्पादन लक्ष्य काफी बड़ा है, लेकिन अप्रैल महीने में हम उस स्तर तक नहीं पहुंच पाए। इसलिए मुख्यालय से निर्देश मिले हैं कि सभी छुट्टियां रद्द कर दी जाएं ताकि लक्ष्य की पूर्ति के लिए कार्यबल उपलब्ध रहे।' खमरिया स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड की सबसे बड़ी इकाइयों में से एक है जहां लगभग 4,000 कर्मचारी कार्यरत हैं। यहां रक्षा बलों के लिए गोला-बारूद, मिसाइल और तोप के गोले बनाए जाते हैं। तनाव के इस दौर में उत्पादन की गति बनाए रखना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है ताकि यदि जरूरत पड़ी तो देश को किसी प्रकार की आपूर्ति की समस्या न हो।

Tags:

Follow us

This question is not available..!