Thursday, 08 Oct 2026

ताकतवर मोदी को गिराने की साजिश: वुचिच

बेल्ग्रेडे (09 अक्टूबर 26)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन के मौके पर पूर्व सर्बियाई राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुचिच का एक बयान चर्चा में है। वुचिच ने मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को दुनिया के मंच पर एक बड़ी ताकत बनाया है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद प्रधानमंत्री मोदी को कमजोर करने और उन्हें गिराने की कोशिशें की जा रही हैं। वुचिच की ये टिप्पणियां एक पॉडकास्ट के दौरान सामने आईं और बुधवार को उनका वीडियो तेजी से चर्चा में आ गया। उन्होंने दुनिया के कई नेताओं को कमजोर करने की कोशिशों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को इसका उदाहरण बताया।

पूर्व सर्बियाई राष्ट्रपति ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने भारत की वैश्विक स्थिति को काफी मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत को दुनिया के मंच पर महत्वपूर्ण शक्ति बनाया और उनके नेतृत्व में देश ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। वुचिच ने कहा, 'आपके पास नरेंद्र मोदी जैसा नेता है। अब उन्हें कमजोर करने की कोशिश हो रही है। मोदी ने भारत को आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वह महात्मा गांधी की शिक्षाओं का पालन करने की कोशिश करते हैं।' उन्होंने आगे कहा कि भारत दुनिया के मंच पर इतना महत्वपूर्ण और प्रभावशाली देश बना है, इसमें मोदी की भूमिका बड़ी है। हालांकि, वुचिच ने यह स्पष्ट नहीं किया कि प्रधानमंत्री को कमजोर करने की कोशिशों के पीछे कौन है और उनका इशारा किन ताकतों की ओर था।

वुचिच ने कहा कि मोदी ने बहुत बड़े काम किए हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें यह कहकर निशाना बनाया जाता है कि वह असफल रहे हैं या उन्होंने कुछ नहीं किया। उनके मुताबिक, दुनिया के कई नेताओं के साथ ऐसा करने का एक चलन बन गया है। भाजपा ने वुचिच के बयान को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के लिए वैश्विक समर्थन के तौर पर पेश किया। भाजपा ने कहा कि जब दुनिया के नेता भारत और उसके प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह बोलते हैं तो यह बताता है कि मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती ताकत को दुनिया महसूस कर रही है। भाजपा नेताओं ने भी वुचिच के बयान को साझा किया और इसे प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अस्थिरता पैदा करने तथा उन्हें कमजोर करने की कोशिशों के संदर्भ में पेश किया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!