नईदिल्ली (30 अप्रैल 25)। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बुधवार शाम दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि संसद में हमने पहले ही कहा था कि हम जाति जनगणना करवा कर रहेंगे और 50% आरक्षण की सीमा को भी हटाएंगे।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अचानक 11 साल बाद सरकार ने आज जाति जनगणना की घोषणा की। उन्होंने कहा, 'हम इसका पूरा समर्थन करते हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि सरकार इसकी समयसीमा बताए। यह पहला कदम है और तेलंगाना इस मामले में एक अच्छा मॉडल बन सकता है।' राहुल गांधी ने यह भी कहा कि बिहार और तेलंगाना में जाति जनगणना के उदाहरण हैं, हालांकि इन दोनों में काफी अंतर है। उन्होंने सरकार को जाति जनगणना की रूपरेखा तैयार करने में अपना समर्थन देने की बात भी की।