नईदिल्ली (14 मई 25)। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर मंगलवार को निकाली गई 'तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा' ने राजधानी के आसमान में देशभक्ति की नई गूंज भर दी। आम जनता से लेकर नेताओं तक सभी ने इस यात्रा में भाग लेकर भारतीय सेना के पराक्रम और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उत्सव मनाया। दिल्ली के प्रतिष्ठित इंडिया गेट स्थित कर्तव्य पथ पर जब तिरंगा यात्रा शुरू हुई तो माहौल में जोश और गर्व की लहर दौड़ गई। स्कूली छात्र, स्काउट गाइड, महिला कार्यकर्ता और आम नागरिक भारी संख्या में शामिल हुए। सभी के हाथों में लहराता तिरंगा और चेहरों पर गर्व की मुस्कान थी। यह दृश्य भारत की एकजुटता और सेना के प्रति सम्मान को दर्शाता था।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस यात्रा में भाग लेते हुए कहा, 'भारत की सेनाएं पूरी तरह सक्षम हैं। यदि कोई देश भारत की ओर आंख उठाकर देखेगा तो उसे करारा जवाब मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो फैसले लिए जा रहे हैं, वे हर भारतीय के लिए गर्व का विषय हैं।' इस यात्रा में शामिल शुभम ने कहा, 'यह मेरे लिए भावनात्मक पल है। भारतीय सेना ने जिस तरह से देश की सुरक्षा के लिए सीमा पार जाकर कार्य किया, उससे हम सभी गौरव महसूस कर रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा कि वे हर परिस्थिति में भारतीय सेना के साथ खड़े हैं और हर संभव सहयोग देने को तैयार हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य ताकत का स्पष्ट उदाहरण है। अब कोई आतंकी घटना भारत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पाकिस्तान में भी आतंकियों को सुरक्षित पनाह नहीं मिलेगी।'