Thursday, 01 Oct 2026

तिरुपति मंदिर में भगदड़ मची, छह श्रद्धालुओं की मौत

तिरुपति (09 जनवरी 25)। आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर में बुधवार को वैकुंठ द्वार दर्शन टिकट केंद्रों के पास भगदड़ मचने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दरअसल, सुबह से ही हजारों श्रद्धालु वैकुंठ द्वार दर्शन टोकन के लिए तिरुपति के विभिन्न टिकट केंद्रों पर कतार में खड़े थे। यह घटना उस समय हुई जब श्रद्धालुओं को बैरागी पट्टीडा पार्क में कतार में लगने की अनुमति दी गई थी।

भगदड़ मचने से वहां अफरा-तफरी मच गई, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। इसमें मल्लिका नाम की एक महिला भी शामिल है। हालात बिगड़ता देख तिरुपति पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया। बताया जा रहा है कि दर्शन के लिए टॉकन की लाइन में करीब 4,000 लोग लगे थे। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने तिरुपति में विष्णु निवासम के पास तिरुमाला श्रीवारी वैकुंठ द्वार में दर्शन के लिए टोकन लेने के लिए हुई भगदड़ में चार श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस घटना से बहुत दुखी हैं। यह घटना उस समय हुई जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु टोकन लेने के लिए एकत्र हुए थे। मुख्यमंत्री ने घटना में घायलों को दिए जा रहे उपचार के बारे में अधिकारियों से फोन पर बात की। मुख्यमंत्री समय-समय पर जिला और टीटीडी अधिकारियों से बात करके मौजूदा स्थिति से अवगत हैं। मुख्यमंत्री ने उच्च अधिकारियों को घटना स्थल पर जाकर राहत उपाय करने का आदेश दिया है, ताकि घायलों को बेहतर उपचार मिल सके।

Tags:

Follow us

This question is not available..!