Wednesday, 30 Sep 2026

तीन दिन में 19 उड़ानों को मिली बम से उड़ाने की धमकी

नईदिल्ली (17 अक्टूबर 24)। पिछले तीन दिन में 19 उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है और धमकी के कारण रियाद जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान को मस्कट की ओर मोड़ दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। चौबीस घंटे से भी कम समय में नौ उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली और तीन दिन में कम से कम 19 उड़ानों के लिए ये धमकी मिली। सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त सभी धमकियां झूठी निकलीं। बुधवार को इंडिगो की चार उड़ानें, स्पाइसजेट की दो उड़ानें और अकासा एयर की एक उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी मिली।

वहीं मंगलवार देर रात विस्तारा और एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक-एक उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इंडिगो को तीन उड़ानों में बम की धमकी मिली, जिसमें रियाद-मुंबई की एक उड़ान भी शामिल है, जिसे मस्कट (ओमान) की ओर मोड़ दिया गया। रियाद सऊदी अरब का एक शहर है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि विमान को अलग-थलग कर दिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया है। मुंबई से सिंगापुर जाने वाली एक अन्य उड़ान को सुरक्षा संबंधी अलर्ट मिला और उड़ान को सिंगापुर में उतारा गया। साथ ही, चेन्नई से लखनऊ जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान को भी सुरक्षा संबंधी अलर्ट मिला।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि लखनऊ में उतरने के बाद विमान को एक अलग जगह पर खड़ा किया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया। मंगलवार देर रात राष्ट्रीय राजधानी से मुंबई जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान को बम की धमकी के बाद अहमदाबाद भेज दिया गया। बम की धमकी के बाद बेंगलुरु जाने वाली अकासा एयर की उड़ान बुधवार दोपहर दिल्ली लौट आई। एयरलाइन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘16 अक्टूबर को दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाली और 174 यात्रियों, 3 शिशुओं और 7 चालक दल के सदस्यों को लेकर जाने वाली अकासा एयर की एक उड़ान को सुरक्षा अलर्ट मिला।'

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन के ‘एक्स' हैंडल को दो उड़ानों-एक लेह-दिल्ली और दूसरी दरभंगा-मुंबई के बारे में बम की धमकी का संदेश मिला। प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘दोनों विमानों में सवार यात्री सुरक्षित उतर गए। संबंधित अधिकारियों से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद विमानों को आगे की उड़ानों के लिए रवाना कर दिया गया।' दिल्ली से हांगकांग जाने वाली विस्तारा की एक उड़ान को 15 अक्टूबर को सोशल मीडिया के माध्यम से सुरक्षा संबंधी धमकी मिली थी। एयरलाइन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि विमान बुधवार की सुबह सुरक्षित रूप से हांगकांग में उतरा, जहां विमान को परिचालन फिर से शुरू करने की मंजूरी देने से पहले सभी अनिवार्य सुरक्षा जांच की गई।


Tags:

Follow us

This question is not available..!