Thursday, 01 Oct 2026

तीन सदस्यीय जांच दल ने उमरिया घटना स्थल का लिया जायजा

उमरिया (03 नवंबर 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर वन राज्य मंत्री दिलीप सिंह अहिरवार, अपर मुख्य सचिव वन अशोक बर्णवाल और मुख्य वन संरक्षक, वन बल प्रमुख असीम श्रीवास्तव ने उमरिया जिले के बांधवगढ़ में टाइगर रिजर्व में हाथियों की मृत्यु के घटना स्थल पर शनिवार को पहुँचकर मौका मुआयना किया।

वन राज्य मंत्री अहिरवार ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर तीन सदस्यीय दल की जांच कमेटी गठित की गई। समिति ने शनिवार को घटना स्थल पर जाकर हालात का जायजा लिया। विभिन्न पक्षों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है। अहिरवार ने कहा कि पोस्टमार्टम के लिये सेम्पल सागर एवं जबलपुर लैब में भेजे गये है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की सही जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सभी जानकारियों की रिपोर्ट मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। अहिरवार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई भी की जायेगी।

वन राज्य मंत्री अहिरवार ने शनिवार सुबह हाथियों के हमले में दो लोगों की असामयिक मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशानुसार मृतकों के परिजन को 8-8 लाख रूपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने निर्देश दिये है। अपर मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव एल. कृष्णमूर्ति ने बताया कि शनिवार सुबह 2 लोगों की हाथी के हमले से मृत्यु हो गई है। एक घटना उमरिया जिले के चंदिया तहसील के बांका गांव के पास बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोकर बफर रेंज के जंगल में हुई है और दूसरी घटना चंदिया तहसील के देवरा गांव में चंदिया रेंज में उमरिया वन मंडल में हुई है। दोनों ही स्थान एक दूसरे से 8 किलोमीटर की दूरी पर है। हाथियों की मृत्यु घटना स्थल से इन स्थान की दूरी करीब 27 किलोमीटर है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!