Wednesday, 07 Oct 2026

तेंदुआ पकड़ने लगाया पिंजरा, पर फंसा युवक !

बहराइच (29 नवंबर 25)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां तेंदुआ पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे में एक युवक खुद ही फंस गया और पूरी रात उसी के अंदर बंद रहा। यह मामला फखरपुर इलाके का है। कुछ दिन पहले गांव में तेंदुए के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। इसके बाद वन विभाग ने इलाके में तेंदुए को पकड़ने के लिए लोहे का पिंजरा लगाया और उसमें चारा के रूप में बकरी रखी गई थी।

बीते गुरुवार देर रात गांव के ही युवक प्रदीप उस पिंजरे के पास पहुंचा। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह शायद पिंजरे में बंधी बकरी को देखने गया होगा, या चोरी करने के इरादे से अंदर घुसा होगा। जैसे ही प्रदीप पिंजरे में अंदर गया, उसका दरवाजा अपने आप लॉक हो गया और वह अंदर फंस गया। अचानक हुए लॉक से वह घबरा गया और पूरी कोशिश के बाद भी बाहर नहीं निकल सका। रातभर वह पिंजरे में फंसा रहा। काफी देर तक संघर्ष करने के बाद जब कुछ नहीं हुआ, तो उसने अपने मोबाइल फोन से ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही गांव वाले मौके पर पहुंचे और तुरंत वन विभाग और पुलिस को खबर की। सुबह वन विभाग की टीम पहुंची और पिंजरे को खोलकर प्रदीप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वन अधिकारी राम सिंह यादव ने बताया कि पिंजरा खास तौर पर तेंदुआ पकड़ने के लिए लगाया गया था। युवक अंदर कैसे पहुंच गया, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि रात में पिंजरा लॉक हो जाने के बाद प्रदीप खुद को बाहर नहीं निकाल सका और सुबह टीम भेजकर उसे बाहर निकाला गया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!