पटना (25 मई 25)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालूप्रसाद यादवने अपने बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव को रविवार को पार्टी और परिवार से 6 साल के लिए निकाल दिया है। यह फैसला तेजप्रताप द्वारा अपनी गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के साथ तस्वीर साझा कर अपने रिलेशनशिप का ऐलान करने के बाद आया है। हालांकि बाद में तेजप्रताप ने कई बार अपने सोशल मीडिया पोस्ट को रिवाइज किया और दावा किया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था। लालू यादव ने अपने इस कड़े फैसले के पीछे की वजह बताते हुए एक बयान जारी किया। उन्होंने कहा निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है।
वहीं, तेज प्रताप को पार्टी से बाहर किए जाने के बाद अब इस मामले पर लालू यादव की छोटी बेटी रोहिणी आचार्य की प्रतिक्रिया सामने आई है। रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा, 'प्रतिष्ठा पर आंच स्वीकार नहीं है।' रोहिणी आचार्य ने लिखा, 'जो परिवेश, परंपरा, परिवार और परवरिश की मर्यादा का ख्याल रखते हैं, उन पर कभी सवाल नहीं उठते हैं , जो अपना विवेक त्याग कर मर्यादित आचरण व परिवार की प्रतिष्ठा की सीमा को बारम्बार लांघने की गलती - धृष्टता करते हैं, वो खुद को आलोचना का पात्र खुद ही बनाते हैं। हमारे लिए पापा देवतुल्य हैं, परिवार हमारा मंदिर व गौरव और पापा के अथक प्रयासों - संघर्षों से खड़ी की गयी पार्टी व सामाजिक न्याय की अवधारणा हमारी पूजा... इन तीनों की प्रतिष्ठा पर किसी की वजह से कोई आंच आए ये हमें कदापि स्वीकार्य नहीं।'