Tuesday, 29 Sep 2026

थमा छठवें चरण का प्रचार, 8 राज्यों की 58 सीटों पर होगा मतदान

नईदिल्ली (23 मई 24)। लोक सभा चुनाव के छठे चरण में राष्ट्रीय राजधानी की सात सीटों सहित आठ राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की 58 लोक सभा सीटों के साथ साथ ओडिशा विधानसभा के तीसरे चरण के चुनाव में 42 सीटों पर चुनाव-प्रचार का शोर गुरुवार शाम छह बजे थम गया। इन सीटों पर शनिवार 25 माई को मतदान होगा। छठे चरण के आम चुनाव के लिए सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और विपक्षी इंडिया समूह के स्टार प्रचारकों के अलावा उनके घटक दल के नेताओं ने अपने उम्मीदवारों के लिए सार्वजनिक सभाओं और रोड-शो आदि के माध्यम से जम कर प्रचार किया। निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव के लिए चुनाव आयोग की व्यवस्था के अनुसार सार्वजनिक प्रचार अभियान मतदान की अवधि समाप्त होने के 48 घंटे पहले बंद कर दिया जाता है। इसके बाद प्रत्याशी और उनके समर्थक निजी स्तर पर संपर्क कर मतदाताओं का समर्थन जुटा सकते हैं। 

लोकसभा चुनाव के छठे चरण के प्रचार की सरगर्मी चरम पर है। एनडीए और इंडिया दोनों ही गठबंधन इन चुनावों में अपनी-अपनी बढ़त के दावे कर रहे हैं। गुरुवार को भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ओडिशा के जगतसिंघहपुर और मयूरभंज में , केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में सिद्धार्थनगर में और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब में पटियाला और हरियाणा में भिवानी-महेंद्रगढ़ में जन सभाओं को संबोधित किया। कंग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पानीपत और सिरसा में , राहुल गांधी ने दिल्ली में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। 

छठे चरण में 58 लोकसभा सीटों के 11.13 करोड़ से अधिक मतदाता 889 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस चरण में जम्मू- कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में भी मतदान कराया जाएगा जहां तीसरे चरण में मतदान होना था। ओडिशा विधानसभा की कुल 147 सीटों के चुनाव के तीसरे चरण में 42 सीटों पर मुकाबला सत्तारूढ बीजू जनता दल (बीजद), भाजपा और कांग्रेस के बीच है। राज्य विधानसभा के चुनाव के पहले और दूसरे चरण में 13 मई को 28 और 20 मई को 35 सीटों पर वोट डाले गए थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!