Monday, 28 Sep 2026

थरूर होटल की लिफ्ट में फंसे, रेस्क्यू टीम ने निकाला

नईदिल्ली (18 जुलाई 26)। कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार शाम यहां एक होटल की लिफ्ट में कई मिनट तक फंसे रहे, हालांकि बाद में अग्निशमन एवं बचाव कर्मियों ने उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया। वह एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए होटल में गये थे। तिरुवनंतपुरम अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि शाम 7:37 बजे उन्हें सूचना मिली कि सांसद होटल की लिफ्ट में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही अग्निशमन कर्मियों का एक दल तुरंत रवाना हो गया।

टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित दृश्य में यह देखने को मिला कि शुरुआत में कुछ लोग लोहे की छड़ की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली। अग्निशमन कर्मियों के पहुंचने के बाद अधिकारियों ने 'हाइड्रोलिक स्प्रेडर' की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलकर शाम करीब 7:51 बजे थरूर और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों को सकुशल बाहर निकाला। दरवाजा खोले जाने पर पता चला कि लिफ्ट अपनी निर्धारित मंजिल तक पूरी तरह नहीं पहुंची थी। लिफ्ट से बाहर निकलते ही मुस्कुराते हुए थरूर ने अग्निशमन कर्मियों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, 'आप सभी का धन्यवाद। आपने बहुत अच्छा काम किया है।' अधिकारियों ने जब उनसे पूछा कि क्या वह ठीक हैं, तो थरूर ने जवाब दिया कि लिफ्ट में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। थरूर ने पत्रकारों को बताया कि पहले लिफ्ट के मैकेनिक को बुलाया गया था, लेकिन वे कुछ नहीं कर सके। इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने भी कोशिश की, लेकिन जब वे भी कोई मदद नहीं कर पाए तो अग्निशमन कर्मियों को बुलाने का निर्णय लिया गया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!