नईदिल्ली (12 दिसंबर 24)। अगर आप बैंकॉक या थाईलैंड घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। थाईलैंड ने भारतीय नागरिकों के लिए ई-वीजा शुरू करने का ऐलान किया है, जो अगले साल से लागू होगा। इसका सबसे अच्छा फायदा यह है कि आप ई-वीजा लेकर थाईलैंड में 60 दिन तक रुक सकेंगे, और इस अवधि में कोई कटौती नहीं होगी। रॉयल थाई दूतावास के मुताबिक, सभी गैर-थाई नागरिकों को वीजा के लिए https://www.thaievisa.go.th वेबसाइट पर आवेदन करना होगा। आप यहां आसानी से लॉगिन कर सकते हैं और वीजा आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के बाद आपको वीजा शुल्क का भुगतान करना होगा, जिसके लिए दूतावास और महावाणिज्य दूतावास ऑफलाइन भुगतान विकल्प उपलब्ध कराएंगे। ध्यान रहे कि वीजा शुल्क एक बार देने के बाद वापस नहीं किया जाएगा। थाईलैंड में घूमने के लिए कई शानदार स्थान हैं। इसमें बैंकॉक, पटाया, फुकेट जैसे तटीय इलाके शामिल हैं। इसके अलावा, उत्तर में चियांग माई और दक्षिण में क्राबी भी बहुत लोकप्रिय हैं। क्राबी अपने शांत समुद्र तटों और खूबसूरत द्वीपों के लिए प्रसिद्ध है। यहां सैलानियों की भीड़-भाड़ नहीं होती, जो एकांत और शांति की तलाश में हैं, उनके लिए यह एक आदर्श स्थान है। क्राबी के पास फीफी द्वीप का माया बे तो मानो किसी स्वर्ग से कम नहीं है।