छतरपुर (22 अगस्त 24)। मध्य प्रदेश के छतरपुर में बुधवार को सिटी कोतवाली थाने पर हमला करने वालों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एक ओर पथराव करने वाले करीब 50 लोगों पर मामला दर्ज कर गिरफ्तारियां की गई, वहीं कांग्रेस नेता शहजाद अली के आलीशान बंगले पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई। सीएम मोहन यादव के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई की। जिला प्रशासन ने नया मोहल्ला और मस्तान शाह कॉलोनी में जेसीबी और पोकलेन मशीनों से आलीशान विला गिराया, गाड़ियों की चाबी न होने के चलते उन्हें जेसीबी से खींचकर बाहर निकाला गया।
दरअसल, मुस्लिम भीड़ का नेतृत्व करने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष शहजाद अली के घर पर बुलडोजर चलाया गया। शहजाद अली के घर पर हुई इस कार्रवाई ने स्थानीय राजनीति और प्रशासन में हलचल मचा दी है। पूरे दल बल के साथ बंगले को गिराने की कार्रवाई की गई। इतना ही नहीं बंगले में खड़ी कई महंगी गाड़ियों को भी नेस्ताबूत किया गया। बुधवार 21 अगस्त को मुस्लिम समाज के लोग महाराष्ट्र में महंत रामगिरि द्वारा पैगम्बर साहब के विरूद्ध कथित तौर पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में ज्ञापन देने पहुंचे थे। इस दौरान छतरपुर के सिटी कोतवाली थाने पर मुस्लिम समुदाय के 300 से 400 लोगों ने जमकर पथराव किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। जिसके चलते 100 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, जबकि 250 अज्ञात लोगों पर भी मुकदमा चलाया जाएगा।