Saturday, 03 Oct 2026

दक्षिणी सूडान में सोने की खदान में झड़प, 70 की मौत

जुबा (30 मार्च 26)। दक्षिणी सूडान की राजधानी जुबा के बाहरी इलाके में स्थित एक सोने की खदान पर हुए हमले में 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने सोमवार को इस घटना की पुष्टि की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, खदान के अंदर हुए विवाद के बाद यह हमला हुआ। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें खुले मैदान में कई शव दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय पत्रकारों के मुताबिक, हमले के दौरान कई लोग अपनी जान बचाने के लिए पास के जंगलों में भाग गए।

यह खदान सेंट्रल इक्वेटोरिया राज्य के जेबेल इराक इलाके में स्थित है। यह इलाका पहले भी अवैध खनन करने वालों और खनन कंपनियों के बीच हिंसक झड़पों के लिए जाना जाता रहा है। पुलिस प्रवक्ता क्वाजिज्वोक डोमिनिक अमोंडोक ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अज्ञात बंदूकधारियों ने खदान पर हमला किया, जिसमें 70 से ज्यादा लोगों की जान गई और कई अन्य घायल हुए हैं। वहीं, सूडान पीपल्स लिबरेशन आर्मी ने इस हमले की निंदा की है और इसके लिए सरकारी बलों को जिम्मेदार ठहराया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!