भोपाल (05 अगस्त 26)। दतिया में बड़ा एक्शन हुआ है। उपचुनाव हार के बाद से ही बीजेपी में इस कार्रवाई की उम्मीद की जा रही थी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खण्डेलवाल के निर्देशानुसार दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा के लिए गठित समिति की अनुशंसा पर कार्रवाई हुई है। इस आधार पर भारतीय जनता पार्टी, जिला दतिया की वर्तमान संगठनात्मक संरचना को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन की ओर से आदेश जारी कर दिए गए है।
दतिया में हार के बाद बीजेपी अपनों के ही निशाने पर आ गई है। पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने दतिया उपचुनाव में मिली हार के बाद बीजेपी को नसीहत देते हुए पोस्ट लिखा है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए यशोधरा ने कहा कि ये आत्ममंथन का समय है। इस पर विचार किया जाना चाहिए। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की बहू और पूर्व मंत्री राहुल सिंह की पत्नी उमिता सिंह ने भी कुछ सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा है कि लिखा कि 'जब कार्यकर्ता की जगह अधिकारी बोलने लगे कि हमारी पहुंच ऊपर तक हैं तब तब परिणाम तो विपरीत ही आएंगे।' इस तरह से बीजेपी की दतिया हार से पार्टी में विरोध और नसीहतों का दौर चल पड़ा है।
पूर्व मंत्री इमरती देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी थी। वरिष्ठ नेताओं ने लगातार प्रचार किया और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया, लेकिन पार्टी के ही कुछ लोगों ने अंदरखाने काम कर भाजपा को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने दो टूक कहा कि 'हम चुनाव बहुत अच्छी तरह जीत रहे थे, लेकिन हमारे ही कुछ लोगों ने भितरघात कर पार्टी को चुनाव हरवा दिया। ऐसे लोगों से भाजपा को सावधान रहने की जरूरत है।'