धुले (12 मई 24)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तीसरे कार्यकाल का मतलब गरीबों, दलितों और आदिवासियों के साथ 'गुलामों की तरह व्यवहार' होगा। खरगे ने महाराष्ट्र के धुले निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी पर काला धन वापस लाने और नौकरियां प्रदान करने के अपने वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “आजादी से पहले गरीबों, दलितों और आदिवासियों के साथ गुलामों जैसा व्यवहार किया जाता था। यदि आप मोदी और शाह को तीसरा कार्यकाल देंगे तो वही स्थिति दोहरायी जाएगी। हम फिर से गुलाम बन जायेंगे।''
कांग्रेस ने धुले लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष भामरे के खिलाफ पूर्व विधायक शोभा बच्चव को मैदान में उतारा है। धुले लोकसभा सीट पर 20 मई को मतदान होगा। खरगे ने कहा, “आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) प्रमुख मोहन भागवत ने 2015 में कहा था कि संविधान को बदला जाना चाहिए। बाद में, भाजपा के कई सांसदों और पार्टी नेताओं ने भी इसी तरह के बयान दिए।'' उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर ''झूठ फैलाने'' का आरोप लगाया। खरगे ने कहा कि मोदी ने सीना ठोक कर कहा था कि विदेशों से काला धन वापस लाएंगे लेकिन कभी अपना ये वादा पूरा नहीं किया।