Tuesday, 29 Sep 2026

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र पंचतत्व में विलीन

मुंबई (24 नवंबर 25)। फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अब पंचतत्व में विलीन हो चुके हैं। उन्होंने 24 नवंबर को 89 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। कुछ समय पहले उन्हें सांस लेने में दिक्कत के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 12 दिन तक इलाज चला। ठीक होने के बाद वे घर लौटे थे, लेकिन आज उनकी निधन की दुखद खबर सामने आई। उनके जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूब गई है।

बॉलीवुड के ‘ही-मन’ धर्मेंद्र के निधन की खबर ने फिल्म जगत और उनके चाहने वालों को गहरे दुख में डाल दिया है। आज सुबह उनके घर के बाहर एंबुलेंस देखी गई और इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। उनके निधन की पुष्टि होते ही सेलेब्स और करीबी दोस्त अभिनेता के घर पहुंचकर अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। हेमा मालिनी भी इस मौके पर  शोक व्यक्त करती हुई दिखाई दीं। अभिनेता अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के साथ आमिर खान भी मुंबई के विले पार्ले पवन हंस श्मशान घाट पहुंचे। पूरे परिवार ने एंबुलेंस में उनका पार्थिव शरीर लेकर श्मशान घाट की ओर रवाना किया। उनके अंतिम संस्कार में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकार मौजूद रहे। 

 बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र के निधन पर पीएम मोदी का  रिएक्शन सामने आया है। पीएम ने ट्वीट कर कहा- 'धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। वे एक प्रतिष्ठित फ़िल्मी हस्ती, एक अद्भुत अभिनेता थे जिन्होंने अपनी हर भूमिका में आकर्षण और गहराई भर दी। जिस तरह से उन्होंने विविध भूमिकाएँ निभाईं, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी समान रूप से प्रशंसित थे। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति।' 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया और कहा कि सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा।  साथ ही देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई दिग्गजों ने अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धासुमन अर्पित किये हैं।  



Tags:

Follow us

This question is not available..!