इंदौर (28 दिसंबर 24)। शुक्रवार रात डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक, कुंदन नगर में रहने वाले डॉक्टर सुनील साहू को कैंट रोड पर नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारी। इसके पूर्व दिन में परदेशीपुरा रोड नंबर 6 पर पड़ोसी ने तात्कालिक विवाद में युवक की दिनदहाड़े चाकू मारकर जघन्य हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार रात में डॉक्टर के घर से कुछ ही दूरी पर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। गोली लगने के बाद उन्हें नजदीक के यूनिक अस्पताल लाया गया। डॉ. सुनील साहू घर पर ही जीवन ज्योति नाम से खुद का क्लिनिक चलाते थे।
इसके पूर्व परदेशीपुरा रोड पर युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। युवक पर बदमाश ने 18 वार किए, इसके बाद गला रेत दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय भेज दिया। मृतक की पहचान विनोद राठौर के रूप में हुई। घटना के कुछ घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में ले लिया है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और रहवासियों के मुताबिक, विनोद को आरोपी ने धक्का दे दिया था, जिससे विनोद के गिरने से उसे चोट आई थी। जब विनोद ने इसका विरोध किया तो प्रमोद ने हमला कर दिया।