नईदिल्ली (26 जुलाई 24)। भारतीय जनता पार्टी ने दिलीप जायसवाल को बिहार का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा मदन राठौड़ को राजस्थान का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दिलीप जायसवाल बिहार बीजेपी के एमएलसी हैं, जबकि मदन सिंह राठौड़ राजपूत समाज से आते हैं और राज्यसभा के सांसद हैं।
बता दें कि राजस्थान के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। सीपी जोशी ने लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था। इसी के बाद माना जा रहा था कि राजस्थान में बीजेपी को नया अध्यक्ष मिल सकता है। हालांकि, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इसके पक्ष में नहीं थे। वह नहीं चाहते थे कि सीपी जोशी का इस्तीफा स्वीकार ना हो। इसके पीछे की दो वजहें बताई जा रही थीं। एक तो जाति समीकरण, दूसरा राज्य में कई विधानसभा सीटों पर उपचुनाव। सीपी जोशी ब्राह्मण समाज से आते हैं।
वहीं, दिलीप जायसवाल बिहार बीजेपी के मौजूदा अध्यक्ष सम्राट चौधरी की जगह लेंगे। बिहार में सम्राट चौधरी के डिप्टी सीएम बनने के बाद दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे थे। बीजेपी में एक व्यक्ति एक पद की परंपरा है। ऐसे में माना जा रहा था कि सम्राट चौधरी को बिहार बीजेपी के पद से हटाया जा सकता है। अब जेपी नड्डा ने दिलीप जायसवाल को बिहार का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।