नईदिल्ली (16 जनवरी 25)। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। यह शिकायत वाल्मीकि मंदिर परिसर में एक घटना से जुड़ी है, जिसमें प्रवेश वर्मा को महिला मतदाताओं को जूते बांटते हुए देखा गया था। रिटर्निंग ऑफिसर ओपी पांडे ने मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन के प्रभारी को पत्र लिखकर वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया है। रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि यह शिकायत एक अधिवक्ता रजनीश भास्कर द्वारा व्हाट्सएप पर भेजी गई थी, जिसमें प्रवेश वर्मा को महिलाओं को जूते बांटते हुए कथित तौर पर दो वीडियो भेजे गए थे। बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली विधानसभा सीट से अपने चुनावी नामांकन के लिए पर्चा दाखिल किया। पर्चा दाखिल करने से पहले उन्होंने एक बड़ी यात्रा निकाली और मंदिर में जाकर भगवान का दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने त्रिशूल और गदा उठाकर पूजा की और फिर महिलाओं को खुद जूते पहनाए। इस पर आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रवेश वर्मा वोटर्स को लालच देने के लिए ऐसा कर रहे हैं।