नईदिल्ली (18 अक्टूबर 25)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के एक सरकारी कॉलेज में छात्राओं के कपड़े बदलते समय वीडियो बनाने की घटना ने अब राष्ट्रीय राजनीति का मुद्दा बन गया है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा और NSUI राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने AICC कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित कर इस मामले पर भाजपा और इसके पोषित संगठन ABVP पर तीखा हमला बोला।
अलका लांबा ने कहा कि “बेटी बचाओ का नारा देने वाले ही बेटियों का कपड़े बदलते समय वीडियो बना रहे हैं। यह काम BJP के पोषित संगठन ABVP ने किया है। यह घटना भाजपा के ‘चाल-चरित्र-चेहरे’ को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP नेताओं द्वारा आरोपियों को क्लीन चिट दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कॉलेज की प्रिंसिपल ने CCTV फुटेज सौंपे हैं, जिनमें ABVP से जुड़े पदाधिकारी वीडियो बनाते दिख रहे हैं। अलका लांबा ने कहा कि दिल्ली की साउथ एशियन यूनिवर्सिटी में भी हाल में रेप की घटना हुई है, जिससे विदेशी छात्राओं में डर का माहौल बना है। उन्होंने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री से अपील की कि ऐसे मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सबूत छिपाकर आरोपी को बचाने की कोशिश नहीं हो। NSUI राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने मंदसौर, दिल्ली विश्वविद्यालय और केरल में हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई हो और देश के सभी विश्वविद्यालयों और हाई-स्कूल में RSS-ABVP को बैन किया जाए। उनका कहना था कि देश संविधान और कानून के अनुसार चले, न कि किसी संगठन की घटिया मानसिकता के अनुसार।