नईदिल्ली (01 अप्रैल 25)। दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटे में 7 तीव्रता तक के भूकंप आने की भविष्यवाणी से लोगों में डर का माहौल बन गया। यह दावा विकास जियोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर विकास कुमार ने किया था। हालांकि, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इस दावे को पूरी तरह से निराधार बताया है और लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।
विकास कुमार ने अपने बयान में कहा कि उनकी भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के जरिए दिल्ली और नेपाल बॉर्डर पर भूकंप के सिग्नल मिले हैं। उनके अनुसार: दिल्ली से 100 किलोमीटर दूर उत्तर-दक्षिण दिशा में 3 से 5 तीव्रता का भूकंप आ सकता है। नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में 5 से 7 तीव्रता का भूकंप आने की संभावना है। यह भूकंप अगले 24 घंटे में आ सकता है। विकास कुमार ने यह भी बताया कि उनके दिल्ली स्थित गणेश नगर, पांडव नगर में लगे उपकरणों ने यह चेतावनी दी है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इस भविष्यवाणी को पूरी तरह से आधारहीन बताया है। NCS के डायरेक्टर ओपी मिश्रा ने स्पष्ट किया कि विकास कुमार ने यह दावा अपने स्तर पर किया है और इसके लिए कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।