Tuesday, 29 Sep 2026

दुनियाभर के नेताओं ने की हमले की निंदा

नईदिल्ली (23 अप्रैल 25)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा दुनिया भर के नेताओं ने की है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, इस्राइल के विदेश मंत्री गिदोन सा'आर समेत कई ने शोक जताया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहलगाम आतंकवादी हमले ने कड़ी निंदा की है। डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा, 'कश्मीर से बहुत परेशान करने वाली खबर आई है। आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ अमेरिका मजबूती से खड़ा है। हम मारे गए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और भारत के अविश्वसनीय लोगों को हमारा पूरा समर्थन और गहरी सहानुभूति है। हमारी संवेदनाएँ आप सभी के साथ हैं।' वहीं भारत के दौरे पर आए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस पर शोक जताते हुए एक्स पर लिखा, 'उषा और मैं भारत के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। पिछले कुछ दिनों में, हम इस देश और इसके लोगों की खूबसूरती से अभिभूत हैं। इस भयावह हमले पर शोक जताते हुए हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं।' 

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। रूस दूतावास ने राष्ट्रपति पुतिन के हवाले से लिखा- कृपया पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के दुखद परिणामों पर अपनी संवेदनाएं स्वीकार करें, जिसके शिकार नागरिक थे - कई देशों के नागरिक। इस क्रूर अपराध का कोई औचित्य नहीं है। हम उम्मीद करते हैं कि इसके जिम्मेदारों और अपराधियों को उचित सजा मिलेगी। मैं आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से लड़ने में भारतीय भागीदारों के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराना चाहूंगा।' वहीं भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने ट्वीट कर लिखा, 'पहलगाम में पर्यटकों पर हुए जघन्य आतंकवादी हमले पर भारत के लोगों और सरकार के प्रति गहरी संवेदना। रूस पूरी तरह से भारत के साथ खड़ा है।' बता दें अनंतनाग जिले के लोकप्रिय पर्यटक स्थल पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए एक भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। इस हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!