Wednesday, 30 Sep 2026

दुबई एयर शो के दौरान बड़ा हादसा, तेजस फाइटर प्लेन क्रैश

दुबई (22 नवंबर 25)। दुबई एयर शो 2025 के अंतिम दिन शुक्रवार दोपहर को HAL तेजस लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ऊपर उड़ान भर रहा था, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठा और जमीन की ओर गिरा। घटना के समय काले धुएं का गुबार उठते देखा गया। इस दुर्घटना में विमान उड़ा रहे पायलट विंग कमांडर नमंश स्याल की मौत हो गई। वह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले थे और एक अनुभवी फाइटर पायलट के तौर पर वायुसेना में उनकी खास पहचान थी।

तेजस 4.5 पीढ़ी का हल्का और बहु-भूमिका वाला लड़ाकू विमान है। इसमें ज़ीरो-ज़ीरो ईजेक्शन सीट लगी है, जो पायलट को शून्य ऊंचाई और गति पर भी सुरक्षित बाहर निकलने में मदद करती है। यह दो साल में तेजस का दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले मार्च 2024 में राजस्थान के जैसलमेर में भी तेजस विमान गिरा था, उस बार पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकल गया था। दुबई एयर शो विश्व के सबसे बड़े विमान प्रदर्शनों में से एक है। इस साल शो में कई बड़े विमान ऑर्डर भी हुए हैं। हादसे के बाद अंतिम दिन का माहौल तनावपूर्ण बन गया।  एयरशो के दौरान तेजस जेट नियमित एरोबेटिक प्रदर्शन कर रहा था। तभी अचानक विमान ऊंचाई से तेजी से नीचे आता हुआ दिखाई दिया। चश्मदीदों और मोबाइल वीडियो में यह साफ दिखा कि विमान सीधा जमीन की ओर गिरा और टकराते ही आग का बड़ा गोला बन गया। हर तरफ धुआं छा गया और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा, पर पायलट को नहीं बचाया जा सका। भारतीय वायुसेना ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए एक कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी बनाई जा रही है। वायुसेना ने एक्स पर पोस्ट किया: 'IAF को हुए जानमाल के नुकसान पर अत्यंत दुख है। इस कठिन समय में हम शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।'







Tags:

Follow us

This question is not available..!