दुर्ग (10 सितंबर 24)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई नगर निगम में अवैध कब्जाधारियों पर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाने के लिए बुल्डोजर कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को मस्जिद परिसर की जमीन कब्जा मुक्त कराई गई। जोन 3 कर्बला मस्जिद कमेटी को विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के कार्यकाल में भूमि आवंटित की गई थी। आरोप है कि लगभग 2।5 एकड़ भूमि पर दुकानें और मैरिज हॉल बनाकर व्यवसाय में लगा दिया गया। नगर निगम प्रशासन की तरफ से अवैध निर्माण हटाने के लिए मस्जिद कमेटी को नोटिस दिया गया था।
दरअसल, जोन-3 करबला मस्जिद कमेटी को साडा(विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण) के तहत छोटी-सी भूमि मस्जिद बनाने के लिए आवंटित की गई थी, लेकिन आरोप है कि स्थानीय लोगों ने कमेटी के साथ मिलकर करीब 215 एकड़ जमीन पर सैकड़ों दुकानें और कई मैरिज हाल बना लिए। जिसे आज पुलिस-प्रशासन समेत भिलाई नगर निगम की टीम ने ध्वस्त कर दिया। भिलाई नगर निगम आयुक्त देवेश ध्रुव का अधिकारियों को अतिक्रमण और अवैध निर्माण करने वालों पर शिकंजा कसने का सख्त आदेश है। निगम उपायुक्त अशोक द्विवेदी ने कहा कि लंबे समय से मस्जिद परिसर में अवैध निर्माण के जरिये व्यवसाय की शिकायत मिल रही थी।