मथुरा (13 नवंबर 24)। मथुरा के प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर महाराज ने उन्नाव में एक प्रेस वार्ता के दौरान हिंदू समाज के कई अहम मुद्दों पर अपना बयान दिया। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की जनसंख्या क्यों कम हो रही है, इसका जवाब उन लोगों से पूछा जाए जो दो बच्चों के लिए ही अभियान चलाते हैं। देवकीनंदन ने यह भी कहा कि यह नियम सभी के लिए होना चाहिए कि दो बच्चे होने चाहिए, न कि कुछ लोग (चच्चा) 20 बच्चे पैदा करें। उन्होंने सनातन धर्म के हितों की रक्षा के लिए सनातन बोर्ड बनाने की मांग की। ठाकुर महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मंदिर निर्माण शंकराचार्यों की प्रणाली के अनुसार होना चाहिए और हिंदू लड़कियों का विवाह हिंदू लड़कों से ही होना चाहिए। देवकीनंदन ठाकुर महाराज ने कहा कि सनातन धर्म के लोग लंबे समय से शोषित हो रहे हैं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सनातन बोर्ड का गठन जरूरी है। उनका कहना था कि आजादी के बाद से सनातन धर्म ने बहुत कुछ सहा है और अगर यह बोर्ड उस समय बनता तो काफी चीजें बदल सकती थीं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कश्मीर, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ जो घटनाएं हुईं, वही घटनाएं अगर हमारे देश में हुईं तो हमें उनका विरोध करना चाहिए।