Thursday, 01 Oct 2026

देव दीपावली पर जगमग हुई काशी, आसमान में दिखा अद्भुत नजारा

वाराणसी (16 नवंबर 24)। देशभर में शुक्रवार को देव दीपावली धूम-धाम से मनाई गई। सांस्कृतिक नगरी वाराणसी में देवताओं की दीपावली मनाने के लिए देश के कौने-कौने से भारी संख्या में पर्यटक पहुंचे। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने नमो घाट का उद्घाटन किया तो काशी का माहौल हर-हर महादेव के नारों से गूंज उठा। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। काशी में गंगा किनारे अंधेरा होती ही सभी 84 घाट दीपों से जगमगा उठे। कुल 17 लाख दीये जलाए गए। इतना ही नहीं 51 हजार दीयों से ‘बटोगे तो कटोगे’ नारा लिखा गया। उधर, रंग बिरंगी आतिशबाजी ने आसमान में मनोरम छटा बिखेर दी। इस दौरान गंगा में क्रूज और नाव पर बैठकर पर्यटकों ने इन पल को अपने-अपने फोन में कैद करने की कोशिश की। देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी के घाटों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। घाटों की ओर आने वाली सड़कें भी रोशनी में नहाई हुई नजर आईं। काशी विश्वनाथ धाम का गंगा द्वार पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा। भारी संख्य में पर्यटक यहां सेल्फी लेने पहुंचे। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में एक लाख से अधिक लोग शामिल हुए। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने नमो घाट पर दीप जलाकर देव दीपावली की शुरुआत की। उनके दीप जलाने के साथ ही भव्य आतिशबाजी शुरू हुई। देव दीपावली का त्योहार कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। 




Tags:

Follow us

This question is not available..!