Sunday, 04 Oct 2026

देशभर में हर्षोल्लास से मनाया गया होली का त्योहार

नईदिल्ली (15 मार्च 25)। देश में शुक्रवार को रंगों का त्योहार होली पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया तथा लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। कई बड़े शहरों में सुबह के समय मेट्रो समेत सार्वजनिक परिवहन के साधन बंद रहे। मेट्रो सेवाएं दोपहर के बाद शुरू हुईं। होली और रमजान के महीने में दूसरा जुमा (शुक्रवार की नमाज) इस बार एक साथ पड़े हैं। किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोकने के लिए देश के अनेक राज्यों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी और पुलिस बल गश्त करते रहे।

दिल्ली में एक अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस करीब 300 संवेदनशील इलाकों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से कड़ी निगरानी कर रही है। होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रंगों का त्योहार पारंपरिक उत्साह के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। अधिकारियों ने बताया कि होली के अवसर पर संभल शहर में पारंपरिक ‘चौपाई का जुलूस' भी निकाला गया। पिछले साल 24 नवंबर को शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के बाद भड़के दंगों के बाद से संभल में तनाव जैसी स्थिति है। मस्जिद में अपराह्न दो बजकर 30 मिनट पर जुमे की नमाज अदा की गई। मस्जिद के सदर जफर अली ने पहले दोनों समुदायों के सदस्यों से होली मनाने और सौहार्दपूर्ण माहौल में जुमे की नमाज अदा करने का आग्रह किया था।


Tags:

Follow us

This question is not available..!