नईदिल्ली (19 सितंबर 25)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश के युवा, स्टूडेंट्स और जनरेशन-जेड (Gen-Z) संविधान की रक्षा करेंगे, लोकतंत्र को बचाएंगे और वोट चोरी को रोकेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि वे हमेशा युवाओं के साथ खड़े रहेंगे। हालांकि, उनके इस बयान पर विपक्षी पार्टियां विवाद खड़ा कर सकती हैं, क्योंकि हाल ही में पड़ोसी देश नेपाल में Gen-Z के आंदोलन के कारण तख्तापलट हुआ था।
इसके पूर्व कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि देशभर में वोटरों के नाम फेक लॉग-इन के जरिए डिलीट किए जा रहे हैं और चुनाव आयोग इस पूरी साजिश पर पर्दा डाल रहा है। दिल्ली में एक प्रेज़ेंटेशन के दौरान राहुल गांधी ने कहा, 'मैं विपक्ष के नेता के तौर पर दावा कर रहा हूं। मेरे पास ऐसे सबूत हैं जो साफ दिखाते हैं कि मुख्य चुनाव आयुक्त उन लोगों की रक्षा कर रहे हैं जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट किया है।' राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं, दलितों और आदिवासियों को टारगेट करके उनके वोटर लिस्ट से नाम हटाए गए। उन्होंने कर्नाटक की आलंद विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां 6,018 वोट हटाने की कोशिश पकड़ी गई। यह मामला तब सामने आया जब एक बूथ स्तरीय अधिकारी ने पाया कि उसके रिश्तेदार का वोट अचानक गायब हो गया। जांच में पता चला कि मतदाता खुद या रिकॉर्ड में दर्ज व्यक्ति दोनों को हटाने की जानकारी नहीं थी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि किसी और ताक़त ने पूरी प्रक्रिया को हाईजैक कर लिया और वोट डिलीट कर दिए।