Monday, 28 Sep 2026

देश को ‘रिवर्स गियर' में ले जाना चाहती है कांग्रेस : मोदी

नईदिल्ली (08 मई 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के विवादास्पद बयानों को कांग्रेस की ‘विभाजनकारी मानसिकता' करार दिया और सवाल किया कि क्या तमिल संस्कृति व गौरव के लिए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अपने सहयोगी इस प्रमुख विपक्षी पार्टी से नाता तोड़ेगी? मोदी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी जड़ों से कट गई है और वह सत्ता के लिए देश को बांटना चाहती है। उन्होंने आश्चर्य जताया कि देश की सबसे पुरानी पार्टी का इतना ‘पतन' कैसे हो गया।

साफ तौर पर सैम पित्रोदा के बयानों की ओर इंगित करते हुए मोदी ने कहा, ‘एक बड़े नेता ने कांग्रेस की विभाजनकारी मानसिकता प्रदर्शित की है। गांधी परिवार के करीबी और शहजादे के सबसे बड़े सलाहकार ने जो कहा वह बहुत शर्मनाक है।' पित्रोदा की विवादास्पद टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस को लगता है कि पूर्वोत्तर भारत के लोग चीन के लोगों की तरह दिखते हैं। क्या देश इस तरह की चीजों को स्वीकार कर सकता है? कांग्रेस को लगता है कि दक्षिण के लोग अफ्रीकियों की तरह दिखते हैं, क्या वे इसे स्वीकार करेंगे?'

प्रधानमंत्री ने कर्नाटक और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों क्रमश: सिद्धरमैया और ए रेवंत रेड्डी से पूछा कि क्या वे ‘इस तरह के आरोप' को स्वीकार करेंगे? उन्होंने सवाल किया कि ऐसे गंभीर आरोपों पर तमिल संस्कृति की बात करने वाले द्रमुक अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन तमिल गौरव और तमिल लोगों के लिए कांग्रेस से संबंध तोड़ेंगे क्या? उन्होंने पूछा, ‘क्या उनमें हिम्मत है?'

Tags:

Follow us

This question is not available..!