Wednesday, 30 Sep 2026

देश में गैस की कमी नहीं, वितरण व्यवस्था बिगड़ी: कमलनाथ

छिंदवाड़ा (03 अप्रैल 26)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। एलपीजी गैस और पेट्रोलियम की कथित कमी को लेकर उन्होंने साफ कहा कि देश में किसी तरह की वास्तविक कमी नहीं है, बल्कि पूरी समस्या वितरण व्यवस्था की गड़बड़ी की वजह से खड़ी हुई है।गुरुवार को छिंदवाड़ा पहुंचे कमलनाथ का इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान उनके साथ पूर्व सांसद नकुल नाथ भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं में उत्साह साफ नजर आया, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उनके उस बयान की हो रही है, जिसमें उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से नरेंद्र मोदी सरकार का बचाव किया।

कमलनाथ ने साफ शब्दों में कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है.. समस्या केवल वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी की है.. गलत मैनेजमेंट के कारण लोगों के बीच संकट का माहौल बना दिया गया है..उनका कहना है कि सप्लाई पर्याप्त है, लेकिन जमीनी स्तर पर सही तरीके से वितरण नहीं होने के कारण आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कमलनाथ ने अपने छिंदवाड़ा दौरे को निजी बताया। वे यहां एक शोक सभा में शामिल होने पहुंचे हैं और दिवंगत व्यक्ति के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे।इसके साथ ही वे हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सिमरिया स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। हालांकि दौरा निजी बताया जा रहा है, लेकिन कमलनाथ के बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। विपक्ष और सत्तापक्ष दोनों ही इसे अपने-अपने नजरिए से देख रहे हैं। खासकर गैस संकट जैसे मुद्दे पर उनका यह रुख आने वाले दिनों में राजनीतिक बहस को और तेज कर सकता है। कुल मिलाकर, छिंदवाड़ा का यह दौरा भले ही व्यक्तिगत कारणों से हो, लेकिन कमलनाथ के बयान ने इसे पूरी तरह सियासी रंग दे दिया है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!