Thursday, 01 Oct 2026

दो मंत्री और तीन विधायकों के घर में घुसी भीड़, कर्फ्यू लागू

जिरिबाम (16 नवंबर 24)।  मणिपुर के इंफाल में शनिवार को प्रदर्शनकारी जिरिबाम जिले में तीन लोगों की मौत के सिलसिले में न्याय की मांग करते हुए दो मंत्रियों तथा तीन विधायकों के आवास में घुस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। विधायकों के घरों पर भीड़ के घुस जाने के बाद इंफाल पश्चिम (जिला) प्रशासन को जिले में अनिश्चित काल के लिए निषेधाज्ञा लगानी पड़ी। इंफाल पश्चिम के जिलाधिकारी टी किरण कुमार द्वारा जारी किये गये आदेशानुसार शनिवार को अपराह्न साढ़े चार बजे कर्फ्यू लगा दिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यहां लामफेल सनाकेथेल इलाके में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सपाम रंजन के आवास में भीड़ घुस गई।

लामफेल सनाकीथेल विकास प्राधिकरण के प्रतिनिधि डेविड ने कहा, ‘सपाम ने हमें आश्वासन दिया कि तीन लोगों की मौत से संबंधित मुद्दों पर मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा की जाएगी और अगर सरकार जनता की भावनाओं का सम्मान करने में विफल रहती है तो मंत्री अपना इस्तीफा दे देंगे।' एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारी उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री एल सुसिंद्रो सिंह के घर में भी घुस गए। इंफाल पश्चिम जिले के सागोलबंद इलाके में प्रदर्शनकारियों ने भाजपा विधायक आर के इमो के आवास के सामने एकत्र होकर नारेबाजी की। इमो मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के दामाद भी हैं। प्रदर्शनकारियों ने तीन लोगों की मौत पर सरकार से उचित कार्रवाई की मांग की और अधिकारियों से ‘24 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार करने' की अपील की।

Tags:

Follow us

This question is not available..!