Thursday, 01 Oct 2026

नई यात्रा पर निकल पड़ा भारत, अब विकसित बनाना लक्ष्य: मोदी

अबुजा (17 नवंबर 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि आत्मविश्वास से भरा भारत एक नयी यात्रा पर निकल पड़ा है और अब लक्ष्य ‘विकसित भारत' का निर्माण करना है। उन्होंने पिछले दस वर्षों के दौरान अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। नाइजीरिया की राजधानी में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए मोदी ने यह भी कहा कि भारत विकास, शांति, समृद्धि और लोकतंत्र का प्रतीक बनकर दुनिया के लिए एक नयी उम्मीद के रूप में उभरा है। मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत 'सन्नू, नाइजीरिया' से की, जिसका मतलब 'नमस्ते नाइजीरिया' है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के रूप में नाइजीरिया की उनकी पहली यात्रा है, लेकिन वह अकेले नहीं आए हैं। 

मोदी ने कहा, 'मैं अपने साथ भारत की मिट्टी की सुगंध और करोड़ों भारतीयों की ओर से आप सभी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं लेकर आया हूं।' मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अपनी सुविधाजनक स्थिति से बाहर निकल चुका है और नयी चीजें करते हुए नये रास्ते बना रहा है। उन्होंने कहा कि यही आज के भारत का सार बन गया है। प्रधानमंत्री ने 'मोदी-मोदी' के नारों के बीच कहा, 'विश्वास से भरा भारत आज एक नयी यात्रा पर निकल पड़ा है। लक्ष्य स्पष्ट है-विकसित भारत का निर्माण करना।' मोदी ने कहा कि भारत में अब 1.5 लाख से अधिक पंजीकृत ‘स्टार्टअप' हैं। उन्होंने कहा, 'पिछले दशक में 100 से अधिक यूनिकॉर्न बनाए गए हैं। एक यूनिकॉर्न का मतलब है 8,000-10,000 करोड़ रुपये की पूंजी वाली कंपनी। 100 से अधिक कंपनियां भारत की स्टार्टअप संस्कृति की सफलता का सबूत हैं।' उन्होंने कहा कि भारत यह उपलब्धि इसलिए हासिल कर पाया, क्योंकि वह अपनी सुविधानजक स्थिति से बाहर आया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दशक में भारत ने अपने सकल घरेलू उत्पाद में दस लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर जोड़े हैं। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!