दंतेवाड़ा (21 फरवरी 25)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने एक स्थानीय शिक्षक समेत दो ग्रामीणों की हत्या कर दी है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तोड़मा गांव में संदिग्ध नक्सलियों ने बामन कश्यप (29) और अनीस राम पोयाम (38) की हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि बुधवार रात नक्सलियों का एक दल दंतेवाड़ा बीजापुर जिले की सीमा पर बसे गांव तोड़मा में प्राथमिक शाला के शिक्षादूत (स्थानीय शिक्षक) बामन कश्यप और ग्रामीण अनीस राम के घर पहुंचा और दोनों को अपने साथ जंगल की ओर ले गया। अधिकारियों ने बताया कि बाद में नक्सलियों ने दोनों की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को गांव के करीब फेंक दिया। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने दोनों पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को गांव के लिए रवाना किया गया है। राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में नक्सली पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाकर ग्रामीणों की हत्या कर देते हैं।