भोपाल (12 जून 26)। कांग्रेस राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द किए जाने को लेकर प्रदेश से लेकर देश में भूचाल मचा है और नए नए बयान भी सामने आ रहे हैं, लेकिन अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ ही बड़ी टिप्पणी कर दी है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस चोरी में सब मिले हुए हैं। न केवल राज्य बल्कि केंद्र भी और चुनाव आयोग भी लेकिन मुझे कहना पड़ रहा है कि सुप्रीम कोर्ट भी इसमें मिला है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने और सुप्रीम कोर्ट में कल होने वाली सुनवाई के फैसले पर बड़ा बयान दिया है।दिग्विजय सिंह ने कहा कि ये मिली जुली चोरी है। हमको मालूम था चोरी हुई है, इस चोरी में सभी शामिल है। ना केवल राज्य और केंद्र बल्कि चुनाव आयोग भी और माननीय... मुझे कहना पड रहा है सुप्रीम कोर्ट भी। जब सुप्रीम कोर्ट को मालूम था हमारी प्रीटीशन 4 बजे के बाद खत्म हो जाएगी तो सुना क्यो नहीं? आज क्यों नहीं सुनी, कल की डेट क्यों लगाई, सब मिली जुली चोरी है। आपको बता दें कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस ने याचिका लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर शुक्रवार को सुनवाई करने की बात कही है लेकिन अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने केस पर आज ही सुनवाई को लेकर कहा था क्योंकि नामांकन वापसी की समय सीमा दोपहर 3 बजे तक थी। डिजिटली दायर की गई याचिका में रिटर्निंग ऑफिसर पर पक्षपातपूर्ण फैसला लेने का आरोप लगाया गया है। लिहाजा मतदान 18 जून को प्रस्तावित था और सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई कल है । फिलहाल दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद हलचल है, उन्होंने राज्य केंद्र और चुनाव आयोग से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक को इस चोरी में शामिल बता दिया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का कोई केस नहीं है, मीनाक्षी नटराजन जैसा गांधीवादी व्यक्ति मैंने राजनीति में नहीं देखा है। उसे ऐसा दिखाया जा रहा है जैसे उसने अपराध किया है, क्या मजाक है भाई।