पेद्दापल्ली (07 मई 24)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि देश का सबसे पुराना राजनीतिक दल 'सनातन विरोधी' और 'राम विरोधी' है तथा वह राष्ट्र विरोधी ताकतों से हाथ मिलाता है। नड्डा ने तेलंगाना के पेद्दापल्ली में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भाजपा पर आरक्षण खत्म करने का आरोप लगाना उस मुहावरे की तरह है कि 'सूप बोले तो बोले, चलनी भी बोले जिसमें 72 छेद।'
नड्डा ने दो दिन पहले पुंछ में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब के एक पूर्व मुख्यमंत्री (चरणजीत सिंह चन्नी) ने इसे एक स्टंट कहा था। नड्डा ने कहा, ‘कांग्रेस के ऐसे राष्ट्र-विरोधी नेता देश को इस तरह गुमराह करते हैं।' उन्होंने कहा कि जब बालाकोट में हवाई हमले किए गए, तो कांग्रेस नेताओं ने बेशर्मी से इसका सबूत मांगा था। उन्होंने दावा किया कि जब दिल्ली में 2008 में बाटला हाउस में मुठभेड़ हुई और आतंकवादियों का सफाया हुआ, तो कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि सोनिया गांधी 'फूट-फूटकर रोईं' थीं। भाजपा अध्यक्ष ने सलमान खुर्शीद की भतीजी और समाजवादी पार्टी की नेता मारिया आलम की हालिया टिप्पणियों के परोक्ष संदर्भ में पूछा कि क्या ऐसे लोगों को नेतृत्व करने की अनुमति दी जा सकती है। मारिया आलम ने विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में 'वोट जिहाद' की अपील की थी।