नईदिल्ली (07 जून 24)। नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस की संसदीय दल की बैठक आज के सेंट्रल हॉल में हो रही है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने एनडीए के नेता के तौर पर नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि पीएम ने 10 सालों में जो काम किया है, उसकी तारीफ देश और दुनिया दोनों ही जगहों पर हुई है। अमित शाह, नितिन गडकरी ने राजनाथ सिंह के प्रस्ताव का समर्थन किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा के संसदीय दल के नेता और NDA संसदीय दल के नेता के रूप में PM नरेंद्र मोदी का नाम प्रस्तावित किया।
बिहार के मुख्यमंत्री और JDU नेता नीतीश कुमार ने कहा, 'हमारी पार्टी JDU, भाजपा संसदीय दल के नेता नरेंद्र मोदी को भारत के प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन देती है। यह बहुत खुशी की बात है कि 10 साल से ये पीएम हैं और फिर पीएम होने जा रहे हैं। इन्होंने पूरे देश की सेवा की है और उम्मीद है कि अगली बार सब पूरा कर देंगे। हम लोग पूरे तौर पर सब दिन इनके साथ रहेंगे। हमें लगता है कि अगली बार जब आएंगे तो कुछ सीट जो ये(विपक्ष) जीत गए हैं अगली बार सब हारेंगे।'
TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने कहा, 'हम सभी को बधाई देते हैं, हमने शानदार बहुमत हासिल किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान देखा है कि 3 महीने तक पीएम मोदी ने कभी आराम नहीं किया। दिन-रात उन्होंने प्रचार किया। उन्होंने उसी भावना के साथ शुरुआत की और उसी भावना के साथ खत्म किया। आंध्र प्रदेश में हमने 3 जनसभाएं और 1 बड़ी रैली की और इसने आंध्र प्रदेश में चुनाव जीतने में बहुत बड़ा अंतर पैदा किया।'